विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनसीसी डी कंपनी गुना ने किया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुना
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 35वीं वाहिनी एनसीसी, शिवपुरी की डी कंपनी गुना द्वारा जागरूकता कार्यक्रम एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमान अधिकारी कर्नल विजय वीर सिंह धईया के निर्देशानुसार तथा एसएससीडी वार्षिक गतिविधि कैलेंडर के अंतर्गत महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बी.के. तिवारी की अनुमति एवं मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जन्तु विज्ञान विभाग की डॉ. गायत्री राय ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेष रूप से कैंसर, के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया।
इतिहास विभाग की डॉ. प्रभा भिरोरिया ने अपने संबोधन में तंबाकू के भारत आगमन तथा इसके मादक पदार्थ के रूप में प्रचलन का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य प्रस्तुत किया। वहीं एनएसएस महिला इकाई की प्रभारी डॉ. सोनू जैन ने विद्यार्थियों से तंबाकू का सेवन न करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इस बुराई के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी डॉ. मनोज कुमार भिरोरिया ने किया, जबकि वरिष्ठ कैडेट खुशबू झा ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एनसीसी के 35 कैडेट सहित लगभग 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन एनसीसी गीत के साथ हुआ।
"तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।" इसी संदेश के साथ विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी गई।
