राघौगढ़ थाना पुलिस की तत्परता एवं साहस से टली बड़ी दुर्घटना
*खेत में लगी आग पर एफआरव्ही स्टाफ ने ग्रामीणों की मदद से पाया काबू, गांव में फैलने से पहले आग बुझाकर संभावित नुकसान को रोका*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ कार्यवाहियां की जा रहीं हैं ।
इसी क्रम में गुना जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सौहरामपुरा के समीप स्थित एक खेत में आज दिनांक 16 मई 2026 को अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही राघौगढ़ थाना क्षेत्र की एफआरव्ही वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना हुई । सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दल बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचा, जहां पर घटनास्थल के बिल्कुल समीप ही ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण आग के गांव तक पहुंचने और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी । इसी दौरान फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने में विलंब होने पर एफआरव्ही स्टाफ ने साहस, सूझबूझ एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास प्रारंभ किया ।
एफआरव्ही स्टाफ से प्रधान आरक्षक शशि कपूर सिंह राजावत, पायलट भूपेंद्र शर्मा, संजू मीना एवं सैनिक भंवर सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बाल्टियों से पानी डालकर आग पर लगातार काबू पाने का प्रयास किया । पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत और तत्परता से कुछ ही समय में आग को नियंत्रित कर उसे गांव की ओर फैलने से रोक दिया गया ।
समय रहते की गई इस त्वरित कार्यवाही से एक बड़ी दुर्घटना टल गई तथा संभावित जनहानि एवं व्यापक संपत्ति नुकसान होने से बचाव हुआ । स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस की इस संवेदनशील एवं साहसिक कार्यवाही की सराहना की गई ।
गुना पुलिस द्वारा संकट की हर स्थिति में आमजन की सुरक्षा एवं सहायता हेतु निरंतर तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है, जिससे पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास और सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है ।
