“गुनिया नदी संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता, बाढ़ से सुरक्षा हेतु सभी तैयारियां समय पर पूरी हों” — कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल
जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने सहित नदी क्षेत्र को अवरोधमुक्त बनाने के दिए निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज गुनिया नदी संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में शहरी क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोपालपुरा, मंडी रोड, हाट रोड रपटा, मंडी पुल एवं बांसखेड़ी क्षेत्र में पहुंचकर नदी के बहाव, जल निकासी व्यवस्था एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि गत वर्ष आई बाढ़ से प्रभावित शहरी क्षेत्रों का लगभग सवा दो घंटे तक निरीक्षण कर पूर्व में बनाई गई योजनाओं एवं अनुमानों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कार्य योजनाओं का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान गोपालपुरा बांध की ऊंचाई लगभग 4 फीट बढ़ाए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि इससे जल संग्रहण क्षमता में वृद्धि होगी तथा शहरी क्षेत्र में बाढ़ के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा उन्होंने ऐसे जंक्शन पॉइंट, जहां तीन दिशाओं से पानी का बहाव होकर ड्रेन आउट होता है, वहां सुरक्षा एवं दृश्यता बढ़ाने हेतु लगभग 4-4 फीट ऊंची तार फेंसिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे वर्षा के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
कलेक्टर श्री कन्याल ने नानाखेड़ी गेट मार्ग का निरीक्षण किया गया, जहां कुछ स्थानों पर जल निकासी बाधित होने की समस्या रहती है। जिसके लिए नाला निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा एस्टीमेट भी तैयार किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने नगर पालिका को तत्काल प्रभाव से सफाई कार्य प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल निकासी मार्गों को अवरोधमुक्त रखा जाए ताकि पानी का बहाव सुगम बना रहे। इसके साथ ही गुनिया नदी में विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे एवं मलबे को हटाने के लिए प्रतिदिन न्यूनतम 4 डंपर लगाए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्षा पूर्व लगभग 50 राउंड डंपिंग कार्य पूर्ण किया जाए, जिससे बाढ़ की स्थिति में पानी की निकासी प्रभावी रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि गुनिया नदी से संबंधित कार्यों में जन सहयोग एवं सिविल सोसाइटी की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। स्थानीय स्तर पर लोगों द्वारा समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि गुनिया नदी प्रोजेक्ट की विस्तृत योजना शासन को भेजी जा चुकी है। योजना स्वीकृत होने के उपरांत नदी के नवीनीकरण एवं रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के कार्य बड़े स्तर पर प्रारंभ किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रशासन की प्राथमिकता आगामी वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है तथा इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल ने बांसखेड़ी पुलिया क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों ओर जमा कचरा हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मध्य हिस्से की सफाई एवं कचरा हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि पूर्व जैसी जलभराव की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
आज निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, तहसीलदार श्री जीएस बैरवा, कार्यपालीन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री कोमल उइके सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
