Type Here to Get Search Results !

तेलीगांव सेक्टर बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के निर्देश

 तेलीगांव सेक्टर बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के निर्देश


गुना 

कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्‍वर के मार्गदर्शन में विकासखंड चांचौड़ा अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीनागंज के विभिन्न सेक्टरों में सेक्टर स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सेक्टर तेलीगांव की बैठक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलीगांव में आयोजित की गई।

बैठक में सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विकासखंड स्तर से डॉ. राजेश कुमार पुष्पक, जीतेन्द्र सेन तथा प्रदीप सेन विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक के दौरान सेक्टर सुपरवाइजर जनवेद सिंह द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, एएनसी पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मैनेजमेंट, सीएम हेल्पलाइन, आयुष्मान कार्ड, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, मलेरिया, टीबी, टीकाकरण, कुपोषण एवं मौसमी बीमारियों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ग्रामवार सूक्ष्म समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने एवं प्रत्येक हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बीएमओ डॉ. पुष्पक ने कहा कि किसी भी गंभीर परिस्थिति की सूचना तत्काल विकासखंड स्तर पर दी जाए तथा सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, ग्रामीण स्तर पर प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा आशा कार्यकर्ताओं को ग्राम में निवासरत रहकर सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को लक्ष्य अनुसार कार्य करते हुए हितग्राही मूलक योजनाओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वित करने के लिए कहा गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.