बिना चीरा, बिना देरी किये सांस नली में फंसा सिक्का निकालकर बचाई तीन साल की बच्ची
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय गुना में चिकित्सकीय टीम द्वारा एक सराहनीय एवं जीवनरक्षक कार्य किया गया। खेलते समय तीन वर्षीय बच्ची द्वारा 1 रुपये का सिक्का गलती से निगल लिया गया, जो उसकी सांस की नली (क्रिकोफैरिंक्स क्षेत्र) में फंस गया। सिक्का फंसने से बच्ची को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी, जिस पर परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गुना लेकर पहुंचे।
अस्पताल में पदस्थ नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक गोयल ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बच्ची का एक्स-रे कराया। जांच में सिक्के के सांस नली में फंसे होने की पुष्टि होते ही बच्ची को तुरंत इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर में लिया गया।
एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास राजपूत के सहयोग से दूरबीन विधि (क्रिकोफैरिंगोस्कोपी) द्वारा बिना किसी चीरे के अत्यंत सावधानीपूर्वक सिक्का सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। समय पर की गई इस त्वरित प्रक्रिया से बच्ची की जान बचाई जा सकी। वर्तमान में बच्ची की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित एवं सामान्य है। इस संपूर्ण आपातकालीन प्रक्रिया में ओटी स्टाफ दिव्या, नगमा, गिर्राज सहित अन्य कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
