Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन के अध्यक्ष ने की उपार्जन कार्यों की समीक्षा

 उपार्जन केंद्रों पर सूचना बैनर, तौल कांटों के सत्यापन एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश


मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन के अध्यक्ष ने की उपार्जन कार्यों की समीक्षा


गुना 

जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्यों की समीक्षा हेतु मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ.के.पी. यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्याल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान सभी अधिकारियों का परिचय प्राप्त करने के पश्चात पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से गेहूं उपार्जन कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि इस वर्ष किसान पंजीयन पिछले वर्ष की तुलना में 47 प्रतिशत अधिक हुए हैं, वहीं उपार्जन हेतु रकबा भी 36 प्रतिशत बढ़ा है। इसके अतिरिक्त उपार्जित गेहूं के परिवहन, भंडारण, भुगतान प्रक्रिया एवं उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की गई।


उपार्जन कार्यों में आ रही चुनौतियों पर चर्चा

बैठक में उपार्जन व्यवस्था के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इनमें सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याएं, शादी एवं त्यौहार के समय श्रमिकों की उपलब्धता तथा जिला प्रबंधक की नियुक्ति जैसे विषय प्रमुख रहे।


इस दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप उपार्जन कार्यों को पारदर्शिता एवं सुचारू व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

किसानों की सुविधा के लिए बैनर लगाने के निर्देश

बैठक में अध्यक्ष डॉ. के.पी. यादव ने सुझाव दिया कि सभी उपार्जन केंद्रों पर ऐसे सूचना बैनर लगाए जाएं, जिनमें पीपी बैग एवं जूट बैग में निर्धारित क्षमता अनुसार कितना वजन अधिक तौला जा सकता है, इसकी स्पष्ट जानकारी किसानों को दी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाए। साथ ही प्रत्येक खरीदी केंद्र पर तौल कांटों का सत्यापन कर उनके सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

नियमित मॉनिटरिंग एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर

अध्यक्ष डॉ. यादव ने परिवहन एवं भंडारण एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा खरीदे गए अनाज का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उपार्जन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं किसानों से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.