Type Here to Get Search Results !

कैंट थाना पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्यवाही

 कैंट थाना पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्यवाही


*फायरिंग एवं अपहरण की सनसनीखेज वारदात का किया खुलासा*


*मात्र 02 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार कर अपहृत दोनों युवकों को सकुशल मुक्त कराया*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु लगातार सख्त एवं परिणाममुखी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना अंतर्गत फायरिंग एवं अपहरण जैसे गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 2 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवकों को सकुशल मुक्त कराने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है । 


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 06 मई 2026 को फरियादी धनराज जाट उम्र 21 वर्ष निवासी रसीद कॉलोनी गुना द्वारा कैंट थाना पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया था कि आज दोपहर के समय वह हनुमान चौराहे के पास कोर्ट के सामने अपने मित्र दीपक ओझा, हेमंत राजपूत आदि के साथ बातचीत कर रहा था । इसी दौरान अक्षय शुक्ला मोटरसाइकिल से वहां आया और अपनी मोटरसाइकिल मेरी मोटरसाइकिल में अड़ाकर विवाद करने लगा । कुछ देर बाद अक्षय शुक्ला वहां से चला गया और जो लगभग 10 मिनट पश्चात विशाल अन्नोटिया, नकुल अन्नोटिया एवं अन्य दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ वापस आया और सभी ने मुझसे एवं मेरे दोस्तों से विवाद प्रारंभ कर दिया । 


           विवाद के दौरान विशाल अन्नोटिया ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की नियत से मुझ पर फायर किया, जो सौभाग्यवश मिस हो गया । इसके बाद किसी तरह मैंने विशाल अन्नोटिया से पिस्तौल छीन ली और वहां से भाग निकला । पीछे मुड़कर देखने पर देखा कि नकुल अन्नोटिया के पास भी पिस्तौल थी तथा अक्षय शुक्ला तलवार लिए हुए था । जो हथियारों के दम पर मेरे मित्र दीपक ओझा एवं हेमंत राजपूत को जबरन मोटरसाइकिलों पर बैठाकर अपहरण कर ले गए । घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल आरोपी अक्षय शुक्ला, विशाल अन्नोटिया, नकुल अन्नोटिया एवं अन्य दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 327/26 धारा 109(1), 191(2), 296(B), 140(3), 115(2) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । 


               पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं अपहृत युवकों की अतिशीघ्र सुरक्षित बरामदगी हेतु निर्देश दिए गए । निर्देशानुसार कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव अपनी टीम के साथ सक्रिय होकर आरोपियों की तलाश में जुट गए एवं इस हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए विभिन्न तकनीकी संसाधनों के प्रभावी विश्लेषण एवं सतत सूचना संकलन के माध्यम से आरोपियों की तलाश में सघन दविशें दी गई । इसमें पुलिस की तत्परता, सतर्कता एवं प्रभावी रणनीति के परिणामस्वरूप घटना के मात्र 02 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों 1-अक्षय पुत्र अनिल शुक्ला उम्र 23 वर्ष निवासी न्यूसिटी कॉलोनी गुना एवं 2-संतोष पुत्र शिवनारायण धाकड़ उम्र 24 वर्ष निवासी न्यूसिटी कॉलोनी गुना को गिरफ्तार कर, जिनके चंगुल से दोंनो अपहृत दीपक ओझा एवं हेमंत राजपूत को सकुशल मुक्त कराया गया । 


               प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश हेतु पुलिस टीम लगातार सक्रियता से जुटी हुई है तथा उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित स्थानों पर सघन दबिशें दी जा रही हैं । गुना पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगीं ।


               कैंट थाना पुलिस की इस तत्पर और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक सूर्यभान जाट, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक दिलीप रघुवंशी एवं आरक्षक विकास राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.