*सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता हेतु यातायात पुलिस की अभिनव पहल*
ट्रैफिक मित्र” अभियान के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु किया प्रेरित
जय स्तंभ चौराहा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं पैदल जनजागरूकता रैली का आयोजन
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश दीक्षित के पर्यवेक्षण में गुना यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु लगातार प्रभावी एवं जनहितकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं । इसी क्रम में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा अपने यातायात बल के साथ दिनांक 06 मई 2026 को सायं 06:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक जयस्तंभ चौराहा पर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा ।
उक्त अभियान के अंतर्गत यातायात विभाग द्वारा आमजन एवं स्वयंसेवी युवाओं को “ट्रैफिक मित्र” के रूप में जोड़ते हुए उन्हें यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा संबंधी आधारभूत प्रशिक्षण प्रदान किया गया, ताकि वे यातायात पुलिस के सहयोगी बनकर शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें ।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 30 ट्रैफिक मित्रों को सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार यातायात व्यवहार, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, सड़क पर अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन से प्रभावी संवाद स्थापित करने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया । यातायात पुलिस द्वारा उन्हें यह संदेश भी दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है ।
प्रशिक्षण उपरांत जय स्तंभ चौराहा पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग कर यातायात नियमों का पालन कर रहे वाहन चालकों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया । इस पहल के माध्यम से यातायात पुलिस ने यह सकारात्मक संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान अथवा दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है । इस अभिनव पहल को आमजन द्वारा भी सराहा गया तथा उपस्थित वाहन चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया ।
इसके पश्चात जय स्तंभ चौराहा से लक्ष्मीगंज रोड, गुरुद्वारा एवं जगत तिराहा होते हुए पुनः जय स्तंभ तक पैदल जनजागरूकता रैली निकाली गई । रैली में शामिल ट्रैफिक मित्रों एवं यातायात पुलिस कर्मियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां एवं संदेश लिखे बैनर लेकर आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने हेतु प्रेरित किया ।
रैली के दौरान “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” एवं “यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित जीवन अपनाएं” जैसे प्रभावशाली नारों एवं संदेशों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया गया । कार्यक्रम के माध्यम से शहरवासियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनने का संदेश दिया गया ।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अजय प्रताप सिंह सहित ट्रैफिक मित्र, गणमान्य नागरिक एवं यातायात पुलिस से सूबेदार हर्ष यादव, सूबेदार अविनाश उमरैया, एएसआई अमोल सिंह, प्रधान आरक्षक अनिल सोलंकी, आरक्षक मनीष, आरक्षक अभिनंदन, आरक्षक सुनील, आरक्षक अमित, आरक्षक दीपक एवं सैनिक भगवत की सहभागिता रही ।
