Type Here to Get Search Results !

आरोन थाना पुलिस की सतर्कता से अवैध हथियार और शराब तस्करी का भंडाफोड़

 आरोन थाना पुलिस की सतर्कता से अवैध हथियार और शराब तस्करी का भंडाफोड़


*315 बोर देशी कट्टा, 05 जिंदा कारतूस एवं 60 लीटर कच्ची शराब सहित शातिर आरोपी गिरफ्तार*


*चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग कर दे रहा था अवैध गतिविधियों को अंजाम, आरोपी पर पूर्व से दर्ज हैं 16 गंभीर अपराध*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में आरोन थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार और उनकी टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल से कच्ची शराब तस्करी कर रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस एवं कच्ची शराब बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है । 


            प्राप्त जानकारी के अनुसार गत् दिनांक 08 मई 2026 को आरोन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राघौगढ़ की ओर से बिना नंबर प्लेट की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति प्लास्टिक की दो कैनों में कच्ची शराब लेकर आरोन की ओर आ रहा है । सूचना को गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में आरोन थाने से पुलिस की एक टीम तत्काल राघौगढ़ रोड की ओर रवाना हुई । 


            इस दौरान पुलिस टीम को भोड़नी गांव के तिराहे के पास मुखबिर के बताए हुलिए का संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित दिखाई दिया । पुलिस द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस से बचने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल को अचानक भोड़नी गांव की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मोड़ दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया । इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया । 


            पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल उर्फ हर्ष कुमार राजपूत उम्र 19 वर्ष निवासी प्रताप मार्ग आरोन का बताया, जिसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस द्वारा उसकी विधिवत तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान उसके पहने हुए लोअर की जेब से 315 बोर का लोडेड देशी कट्टा एवं 04 जिंदा राउंड बरामद हुए, जबकि मोटरसाइकिल पर बंधी दोनों प्लास्टिक की केनों में कुल 60 लीटर कच्ची शराब भरी हुई पाई गई । इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विदिशा जिले के उनारसी थाना क्षेत्र से चोरी करना बताया । 


            पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, 05 जिंदा कारतूस, 60 लीटर कच्ची शराब एवं संदिग्ध मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं जिसके विरुद्ध आरोन थाने में अपराध क्रमांक 124/26 धारा 25/27 आर्म्स एक्ट तथा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । साथ ही आरोपी से बरामद अवैध हथियार एवं शराब के अन्य स्रोतों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है । 


            पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है । आरोपी विशाल उर्फ हर्षकुमार राजपूत के विरुद्ध आरोन थाने में छेड़छाड़, मारपीट, बलवा, एससी/एसटी एक्ट, आबकारी एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 16 अपराध दर्ज पाए गए हैं । 


            आरोन थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार, उपनिरीक्षक रविनंदन शर्मा, सउनि राजेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक दीपक त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक जितेंद्र गुर्जर, प्रधान आरक्षक राममोहन दुबे, प्रधान आरक्षक रविंद्र रघुवंशी, प्रधान आरक्षक जितेंद्र पाल, प्रधान आरक्षक इरशाद खांन, आरक्षक देवेंद्र कुशवाह, आरक्षक सौरव यादव, आरक्षक दिलीप अजनार एवं आरक्षक वृत्तकुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.