Type Here to Get Search Results !

गुना, गुलाब, गुनिया देखेगी दुनिया’ समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का विजन”

 ‘गुना, गुलाब, गुनिया देखेगी दुनिया’  समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का विजन”

लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


गुना 

कलेक्ट्रेट सभागार में आज कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।


‎बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री कन्याल ने हाल ही में जिले में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी ने टीम भावना के साथ उत्कृष्ट कार्य किया। उन्होंने कहा कि जब हम अपने कार्य को मन लगाकर और प्रसन्नता के साथ करते हैं, तो उसके परिणाम भी बेहतर आते हैं। कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि हमें ऐसे कार्य करने चाहिए जिनसे लोग हमें हमारे अच्छे कार्यों के लिए याद रखें। उन्होंने कहा कि जिले में किए जा रहे नवाचारों से गुना को नई पहचान मिल रही है और “गुना,गुलाब, गुनिया देखेगी दुनिया” के रूप में जिला विशेष पहचान बनाएगा।

‎‎जनगणना कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश

‎बैठक में जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले में लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जाए, लेकिन गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। कमजोर प्रगणकों की सहायता कर जनगणना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

‎‎फील्ड विजिट बढ़ाने और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

‎कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों से कहा कि वे अधिक से अधिक फील्ड भ्रमण करें तथा जहां भी जाएं, वहां पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मंडियों में शरबत और ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।


‎‎सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख्ती

‎सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिले में कोई भी शिकायत अनअटेंडेड नहीं रहनी चाहिए। यदि शिकायतें लंबित पाई जाती हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती की जाएगी। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए।

‎‎समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर

‎कलेक्टर ने कहा कि कार्यों के भुगतान समय पर किए जाएं। समय पर भुगतान होने से कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं नहीं आतीं और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित होता है।


‎‎नरवाई जलाने और अवैध डीजे संचालन पर कार्रवाई के निर्देश

‎बैठक में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं जुर्माना वसूली के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध रूप से डीजे बजाने की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

‎‎एसडीएम साप्ताहिक चौपाल लगाएंगे

‎कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक एसडीएम सप्ताह में कम से कम एक चौपाल आयोजित करें और आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करें। भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों को लंबित न रखने के निर्देश भी दिए गए।

‎‎ज्ञान भारतम् पोर्टल पर प्राचीन पांडुलिपियों के अपलोड का आह्वान

‎‎ बैठक में ज्ञान भारतम् पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया गया कि 75 वर्ष से अधिक पुराने ग्रंथ, वेद, पांडुलिपियां एवं अन्य ऐतिहासिक दस्तावेज इस पोर्टल पर अपलोड किए जा सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन को इसके लिए प्रेरित किया जाए ताकि हमारी सांस्कृतिक धरोहर संरक्षित की जा सके।

‎‎जल गंगा संवर्धन अभियान में तेजी लाने के निर्देश

‎जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अभियान की प्रगति तेज करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.