पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क, प्रतिदिन व्हीसी के माध्यम से की जाएगी समीक्षा
समय सीमा बैठक में लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय सीमा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित संबंधित जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक क्षेत्र में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए तथा जल स्रोतों पर विशेष सतर्कता रखी जाए। कलेक्टर ने कहा कि कहीं भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी।
28 मई तक जारी रहेगा गेहूं उपार्जन कार्य
बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में किसानों से गेहूं खरीदी का कार्य 28 मई 2026 तक जारी रहेगा। अब तक 12 हजार 356 किसानों में से 8 हजार 752 किसानों ने गेहूं विक्रय किया है। जिले में 67 हजार 252 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है, जिसमें से अधिकांश का परिवहन एवं स्वीकृति कार्य पूर्ण किया जा चुका है। किसानों को 137.45 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है, जबकि शेष भुगतान की प्रक्रिया जारी है।
जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अधिकारियों का सम्मान
कलेक्टर श्री कन्याल ने जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का ताली बजवाकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क एवं समन्वय के माध्यम से जिले में जनगणना का कार्य समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। जिला गुना ने प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में 48 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण मार्च-अप्रैल 2026 में पूर्ण किया गया। जिला जनगणना अधिकारी श्री अखिलेश कुमार जैन के निर्देशन में 2600 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले में 2426 एचएलबी कार्य पूर्ण कर सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
26 मई को आयोजित होगा जिला स्तरीय रोजगार मेला
युवा संगम कार्यक्रम अंतर्गत 26 मई 2026 को जिला पंचायत विश्राम गृह (शुभ विदाई गार्डन) गुना में प्रात: 11 बजे से जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी श्री बीएस मीना ने बताया कि विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
कृषि उपज मंडी गुना में अप्रैल 2026 में आय में दर्ज की 41 प्रतिशत वृद्धि
बैठक में कृषि उपज मंडी समिति गुना की उपलब्धि पर कलेक्टर द्वारा उत्साहवर्धन किया गया। मंडी सचिव श्री आरपी सिंह ने बताया कि अप्रैल 2026 में मंडी शुल्क आय 3 करोड़ 33 लाख रुपए रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। यह निर्धारित लक्ष्य से भी 28 प्रतिशत अधिक उपलब्धि है। साथ ही मंडी गुना में दिनांक 01 अप्रैल 2026 से ई मंडी प्रणाली अंतर्गत ऑनलाइन व्यवस्था को भी पूर्ण रूप से लागू किया गया है।
ज्ञान भारतम् मिशन के तहत 733 पांडुलिपियां अपलोड
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित “ज्ञान भारतम् मिशन” अंतर्गत जिले में पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान जारी है। वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री सोनेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि अब तक जिले की 733 पांडुलिपियां पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी हैं। अभियान का उद्देश्य देश की हस्तलिखित विरासत का संरक्षण, डिजिटलीकरण एवं प्रचार-प्रसार करना है।
अवैध शराब और पटाखों के भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री कन्याल ने बैठक में अवैध शराब के भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को अवैध पटाखों के भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मोबाइल कोर्ट के माध्यम से भूमि संबंधी प्रकरणों का निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने भूमि संबंधी लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु मोबाइल कोर्ट के माध्यम से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आज आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर द्वारा लंबित पत्रों की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
