आरोन थानांतर्गत सड़क दुर्घटना में भाई-बहन की मृत्यु के मामले का सफल खुलासा
*आरोन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन एवं चालक की पहचान कर आरोपी जेसीबी चालक किया गिरफ्तार, जेसीबी वाहन जप्त*
*150 से अधिक सीसीटीव्ही कैमरों की जांच के बाद मिली बड़ी सफलता*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में आरोन थाना पुलिस ने विगत दिनों हुई सड़क दुर्घटना में भाई-बहन की दर्दनाक मृत्यु के मामले का सफल खुलासा करते हुए अज्ञात वाहन एवं चालक की पहचान कर आरोपी जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया है । साथ ही दुर्घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन भी जप्त कर लिया गया है ।
गौरतलब है कि दिनांक 14 मई 2026 को आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा निवासी विपिन पुत्र विशन पंथी उम्र 18 वर्ष अपनी बहन शिवानी पंथी उम्र 22 वर्ष को परीक्षा दिलाने के लिए आरोन कॉलेज लेकर आया था । परीक्षा उपरांत दोनों भाई-बहन मोटर साइकिल से वापस अपने गांव महुआखेड़ा लौट रहे थे । इसी दौरान रास्ते में ग्राम सिरसी एवं ढिमरयाई के बीच किसी अज्ञात वाहन चालक द्वारा उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी गई, जिससे दोनों भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई थी । घटना के संबंध में आरोन थाने में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 136/26 धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी ।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए मृतक भाई-बहन के परिजनों सहित सामाजिक एवं राजनैतिक संगठनों द्वारा अज्ञात वाहन एवं आरोपी चालक की शीघ्र पहचान कर कठोर कार्यवाही किए जाने की लगातार मांग की जा रही थी । मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपी वाहन चालक का जल्द पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । निर्देशानुसार आरोन थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार द्वारा उपनिरीक्षक रविनंदन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई । टीम द्वारा घटना स्थल से संबंधित मार्गों पर लगे लगभग 150 सीसीटीव्ही कैमरों का बारीकी से अवलोकन कर दुर्घटना का वास्तविक समय चिन्हित किया गया । जांच के दौरान पनबाड़ी हाट से आरोन बायपास तक मार्ग पर लगे सभी सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा कई संदिग्ध वाहनों को शॉर्ट लिस्ट कर उनकी तस्दीक की गई । लगातार तकनीकी एवं भौतिक जांच के बाद पुलिस द्वारा अंततः उक्त दुर्घटना करने में जेसीबी वाहन क्रमांक एमपी 08 डीए 0311 एवं उसके चालक की पहचान सुनिश्चित कर ली गई । इसके उपरांत पुलिस द्वारा आरोपी जेसीबी चालक राजकुमार पुत्र फूलसिंह जाटव उम्र 36 वर्ष निवासी आरोन को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया गया तथा दुर्घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन को जप्त कर प्रकरण में विधिसम्मत कार्यवाही की गई ।
आरोन थाना पुलिस की इस त्वरित एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार, उपनिरीक्षक रविनंदन शर्मा, उपनिरीक्षक पंकज कुशवाह, प्रधान आरक्षक दिनेश शर्मा, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र गुर्जर, प्रधान आरक्षक राममोहन दुबे, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र पाल, आरक्षक कुलदीप शाक्य, आरक्षक राम दांगी, आरक्षक कमलेश कुमार, आरक्षक गौरव शर्मा, आरक्षक देवेन्द्र कुशवाह, आरक्षक वृत कुमार यादव, आरक्षक चालक दिलीप सिंह, महिला आरक्षक पूजा यादव एवं महिला आरक्षक आकांक्षा त्यागी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
