"ऑपरेशन मुस्कान" के तहत गुना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
*अभियान के 30 दिन में 30 नाबालिगों को दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों से सकुशल खोज निकालकर परिजनों से मिलाया*
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रदेशव्यापी विशेष अभियान "ऑपरेशन मुस्कान" संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा जिले में गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिगों के प्रकरणों को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए इनकी दस्तयाबी हेतु व्यापक स्तर पर सघन कार्यवाही की गई।
अभियान अवधि के दौरान गुना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सतत मॉनिटरिंग एवं फील्ड एक्शन के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों, बाहरी राज्यों, सीमावर्ती जिलों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले महानगरों में सक्रिय खोजबीन करते हुए कुल 30 नाबालिग बालक बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है, जिनमें 28 बालिका और 02 बालक शामिल हैं। इनमें कई प्रकरण अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहे, जिनमें से एक उल्लेखनीय उपलब्धि गुना शहर से करीब 05 वर्षों से लापता एक बालिका की सुरक्षित बरामदगी है। इस जटिल प्रकरण को पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता, सामुदायिक सहयोग एवं निरंतर प्रयासों के माध्यम से सफलतापूर्वक सुलझाया गया।
गुना पुलिस द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ राजस्थान एवं उत्तरप्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से भी नाबालिगों को खोजकर सकुशल परिजनों से मिलाया गया, जो पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली एवं मानवीय दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है। "ऑपरेशन मुस्कान" के माध्यम से गुना पुलिस ने समाज में यह सशक्त संदेश स्थापित किया है कि हर बच्चे की सुरक्षा सर्वोपरि है और हर परिवार की मुस्कान पुलिस की जिम्मेदारी है। इस अभियान के परिणामस्वरूप दर्जनों परिवारों को पुनः खुशियां प्राप्त हुई हैं तथा बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साकार हुई है।
गुना पुलिस की यह उपलब्धि उसकी उच्च कार्य दक्षता, संवेदनशीलता एवं बाल सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। गुना पुलिस भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी, ताकि जिले का प्रत्येक बालक-बालिका सुरक्षित, संरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण में अपना उज्ज्वल भविष्य निर्मित कर सके।
