आत्महत्या प्रकरण में धरनावदा थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही
*प्रकरण में तीन आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचाए*
*रुपयों के लेन-देन को लेकर आरोपियों से प्रताड़ित झागर गांव के युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर की गई थी आत्महत्या*
गुपा पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ हेतु निरंतर प्रभावी एव सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना पुलिस द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आत्महत्या के गंभीर प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि धरनावदा थानांतर्गत ग्राम झागर निवासी विकाश उर्फ विक्की पुत्र गिर्राज किरार उम्र 19 वर्ष के द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर कुछ व्यक्तियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने से क्षुब्ध होकर दिनांक 05 दिसंबर 2025 को जहरीला पदार्थ खा लिया था । उपचार के दौरान गुना जिला चिकत्सालय में दिनांक 06 दिसंबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई थी ।
इस घटना पर से धरनावदा थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई । जांच में पाया गया कि आरोपीगण 1-अभिषेक किरार निवासी ग्राम धनोरिया, 2-हेमंत किरार निवासी ग्राम झागर, 3-अनूप किरार निवासी ग्राम गोड़िया, 4-कान्हा किरार निवासी ग्राम गोड़िया एवं 5-अर्जुन किरार निवासी ग्राम परवाह के द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर मृतक को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप विकाश किरार द्वारा आत्महत्या की गई ।
संपूर्ण मर्ग जांच उपरांत दिनांक 08 जनवरी 2026 को उपरोक्त सभी 05 आरोपियों के विरूद्ध धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 05/26 धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया । प्रकरण के आरोपियों की पुलिस द्वारा निरंतर तलाश की गई और जिनकी तलाश के क्रम में आज दिनांक 27 मई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर झागर चौकी पुलिस द्वारा सतर्क, तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए फरार तीन आरोपियों 1-अभिषेक पुत्र जगमोहन किरार उम्र 19 साल निवासी ग्राम धनोरिया थाना बमौरी, 2-अनूप पुत्र श्रीबल्लभ किरार उम्र 22 साल निवासी ग्राम गोड़िया थाना धरनावदा एवं 3-कान्हा उर्फ विक्की पुत्र जगदीश किरार उम्र 31 साल निवासी ग्राम गोड़िया थाना धरनावदा जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं गिरफ्तारशुदा तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है । प्रकरण में शेष फरार आरोपी की तलाश जारी है ।
धरनावदा थाना पुलिस की इस सक्रिय और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा के नेतृत्व में झागर चौकी प्रभारी सउनि अनिल कदम, प्रधान आरक्षक जोगेश शर्मा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार, आरक्षक राघवेन्द्र बुन्देला, आरक्षक राजेश परिहार, आरक्षक रविन्द्र सोलंकी, आरक्षक पवन शर्मा, आरक्षक नीरज शर्मा एवं सैनिक सुखलाल नायक का सराहनीय योगदान रहा है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है, आरोपी चाहे कितना ही शातिर क्यों न हो कानून से बच पाना संभव नहीं है । कानून से भागने वाले अपराधी को उसे न्याय के कटघरे तक लाने के लिए गुना पुलिस पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है । अपराधों में संलिप्त अपरोपियों को गुना पुलिस द्वारा किसी भी परस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा ।
