Type Here to Get Search Results !

जन्मदिवस पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल का आनंदधाम वृद्धाश्रम भ्रमण, बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

 जन्मदिवस पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल का आनंदधाम वृद्धाश्रम भ्रमण, बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर गुना के कैंट क्षेत्र स्थित आनंदधाम वृद्धाश्रम का भ्रमण कर सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा।


आत्मनिर्भरता बनी प्रेरणा, 95 वर्षीय बुजुर्ग से विशेष मुलाकात

भ्रमण के दौरान एक विशेष प्रसंग सामने आया, जब 95 वर्षीय मथुरालाल ओझा से कलेक्टर ने भेंट की। इस उम्र में भी उनके द्वारा अपने सभी कार्य स्वयं करने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भरता हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और उनका आशीर्वाद हम सभी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।


कलेक्टर श्री कन्याल ने उपस्थित वृद्धजनों से संवाद करते हुए कहा कि वे अपना अनुभव और मार्गदर्शन निरंतर देते रहें, ताकि प्रशासन जनहित में बेहतर कार्य कर सके और लोगों के चेहरे पर खुशी बनी रहे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग तक खुशहाली पहुंचाना ही हमारा संकल्प है।


वृद्धजनों के सुझावों पर तत्परता, सोलर प्लांट व वृक्षारोपण के निर्देश

इस दौरान वृद्धाश्रम में बिजली के बिल अधिक आने की समस्या सामने आई, जिस पर कलेक्टर ने सोलर प्लांट स्थापित करने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, वृद्धजनों द्वारा परिसर में अधिक वृक्षारोपण की मांग पर उन्होंने उद्यानिकी विभाग को निर्देशित किया कि पर्याप्त दूरी का ध्यान रखते हुए परिसर में छायादार और उपयोगी पौधों का रोपण कराया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि प्रत्येक शनिवार कम से कम दो घंटे के लिए वृद्धाश्रम में उपस्थित रहकर सभी बुजुर्गों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।


व्यवस्थाओं का निरीक्षण, हर संभव सहयोग का भरोसा

कलेक्टर श्री कन्याल ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए प्रबंधन को निर्देश दिए कि प्रत्येक वृद्धजन की सुविधा, स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। इस दौरान एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्‍डे सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। आज इस दौरान वृद्धजनों ने भी कलेक्टर का स्वागत कर उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.