नीट परीक्षा को लेकर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गुना
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा जिले में स्थापित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। जिले में इस वर्ष नीट परीक्षा हेतु कुल पाँच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री कन्याल पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नानाखेड़ी परीक्षा केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता एवं गंभीरता के साथ करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निर्विघ्न एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं समयबद्ध प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों की उपस्थिति एवं केंद्र पर लागू दिशा-निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की गई।
