Type Here to Get Search Results !

जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप गुना का शपथ विधि समारोह संपन्न

 जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप गुना का शपथ विधि समारोह संपन्न 





जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप गुना का गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह एवं 11 वर्ष पूर्ण होने पर उत्सव

गुना। जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप गुना का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ग्रुप ने अपनी स्थापना के सफल 11 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव भी हर्षोल्लास के साथ मनाया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसका शुभारंभ सेवा और करुणा के भाव से जीवदया (सकोरे वितरण) एवं मानव सेवा (शीतल जल प्याऊ) जैसे पुण्य कार्यों के अवलोकन के  साथ किया गया, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।

कार्यक्रम की शुरुआत महिला सदस्य विनीता टांटिया,श्वेता टांटिया एवं हिमांशी बांठिया द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण गीत तथा एक नन्ही बालिका हितवी जैन द्वारा महामंत्र पर आधारित भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसने सभी उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष श्री संतोष जैन “मामा” ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री आशीष टाटिया एवं डॉ. शिल्पा टाटिया को शपथ दिलाई, जबकि महासचिव श्री मनोहर लोढ़ा द्वारा अन्य पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई गई। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने गुना ग्रुप के उत्कृष्ट कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए संगठन के मूल मंत्र “मैत्री से सेवा” को सुस्पष्ट किया तथा इसे समाजहित में निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

महासचिव श्री मनोहर लोढ़ा जी ने महासंघ की ओर से सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यकारिणी एवं नवसदस्यों को गुना ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष एवं फेडरेशन पदाधिकारी श्री प्रदीप जी लोढ़ा तथा श्री राजमल जी कोठारी द्वारा शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर दो नवीन सदस्यों आशीष-हिमांशी बांठिया एवं निशु-मेघा श्रीमाल को सदस्यता शपथ दिलाई गई, वहीं दो सदस्यों एड. लोकेंद्र-सीमा श्रीमाल तथा अमित-शिप्रा टाटिया की सदस्यता का नवीनीकरण किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री आशीष टाटिया ने अपने भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस बार ग्रुप में तीन पीढ़ियों का एक साथ जुड़ना संगठन की विशेष उपलब्धि है।

कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व अध्यक्ष श्री विकास टाटिया द्वारा किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन सचिव श्री विपिन टांटिया ने किया। राष्ट्रगान “जन गण मन” के साथ सभा का समापन हुआ, तत्पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने सुस्वादु भोजन का आनंद लिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में संस्थापक अध्यक्ष, समस्त पूर्व अध्यक्षगण, कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, संचालक श्री विकास टाटिया,  सहयोगी श्री देवेश जैन, श्री पराग जी, श्री बादल जी, श्री नितिन जी, श्री चंद्रेश जी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के मुख्य  संयोजक शीतल टांटिया  ने स्थल चयन से लेकर भोजन एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजन को उत्कृष्ट रूप प्रदान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति हेतु श्री जितेश जी एवं श्रीमती दीपिका जी का विशेष आभार व्यक्त किया गया। मंगलाचरण एवं स्वागत गीत प्रस्तुत करने वाली सांस्कृतिक समिति की टीम को भी धन्यवाद दिया गया।

कार्यक्रम की सफलता में दोनों ऊर्जावान सचिव श्री विपिन जी एवं डॉ. सुराणा जी का अथक परिश्रम सराहनीय रहा। साथ ही, आदरणीय दीपा मासी द्वारा अतिथियों के लिए घर पर किए गए स्नेहपूर्ण आतिथ्य एवं जलपान के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

अंत में आयोजकों ने सभी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सदस्यों के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन एवं समयबद्ध योजना के कारण यह शपथ ग्रहण समारोह सफलतापूर्वक एवं आनंदपूर्वक सम्पन्न हुआ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.