जिला चिकित्सालय की निर्माणाधीन MCH बिल्डिंग का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
फीडबैक सिस्टम शुरू करने एवं मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
गुना
गुना। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन एमसीएच (MCH) बिल्डिंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। जिसमें बताया गया कि बिल्डिंग के प्रथम एवं द्वितीय विंग का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है, जबकि तृतीय एवं चतुर्थ विंग में निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिल्डिंग के डिजाइन एवं लेआउट का अवलोकन कर पूरे स्ट्रक्चर की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने नई क्रिटिकल केयर यूनिट में मरीजों को ले जाने हेतु बनाई गई रैंप एवं रेलिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर से मरीजों को ले जाते समय झटके लगने की शिकायतें सामने आती हैं। इस पर उन्होंने रैंप एवं रेलिंग में आवश्यक सुधार करते हुए अतिरिक्त सपोर्ट एवं कार्पेट जैसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके पश्चात उन्होंने सभी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ बैठक ली जिसमें उन्होंने विशेष रूप से कहा गर्भवती महिलाओं या उनके परिजनों से किसी भी प्रकार की अवैध राशि की मांग की शिकायत प्राप्त नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अस्पताल स्टाफ को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों के प्रति संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करे।
उन्होंने जिला चिकित्सालय में मरीजों एवं उनके परिजनों से उपचार उपरांत सेवाओं के संबंध में सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त करने हेतु ऑफलाइन फीडबैक सिस्टम प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर अस्पताल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे। उन्होंने आगामी सप्ताह तक यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
