पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस जिले में 1.67 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस रविवार को व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। अभियान के तहत जिले में कुल 1,67,137 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई गई।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 1,513 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। वहीं 3,026 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी कर्मचारियों द्वारा 18,901 घरों का भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया गया तथा बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेष क्षेत्रों में भी बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। जिले के 64 विशेष क्षेत्रों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, ईंट भट्टों, झुग्गी बस्तियों एवं निर्माण कार्य स्थलों पर विशेष टीमें तैनात की गईं, जहां 1,311 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई।
पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां सुबह से ही प्रारंभ हो गई थीं। टीमों द्वारा सुबह 5 बजे से वैक्सीन वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी तथा सुबह 8 बजे से बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का कार्य आरंभ हुआ।
अभियान को लेकर जिले के नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की दवा पिलवाई।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जो बच्चे प्रथम दिवस किसी कारणवश पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच सके, उनके लिए 29 जून 2026 (सोमवार) एवं 30 जून 2026 (मंगलवार) को विशेष घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।
