Type Here to Get Search Results !

स्वनिधि महोत्सव में गूंजा आत्मनिर्भरता का संकल्प, पथ विक्रेताओं का हुआ सम्मान

 स्वनिधि महोत्सव में गूंजा आत्मनिर्भरता का संकल्प, पथ विक्रेताओं का हुआ सम्मान

जनकल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास : केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया


गुना  

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को शुभ विदाई गार्डन, गुना में "स्वनिधि महोत्सव" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विकसित भारत-2047 का निर्माण तभी संभव है, जब समाज का अंतिम व्यक्ति आत्मनिर्भर और सशक्त बने। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य गरीब, मेहनतकश और जरूरतमंद वर्ग को सम्मान के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी एवं पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक संबल प्रदान किया है। यह केवल एक ऋण योजना नहीं, बल्कि लाखों मेहनतकश लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि गरीब और मेहनतकश लोगों का सशक्तिकरण ही देश की वास्तविक शक्ति है तथा उनका श्रम और समर्पण विकसित भारत की आधारशिला बनेगा।


जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दिया गया है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया गया, जबकि आयुष्मान भारत योजना पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग को सशक्त बनाना है।


स्वनिधि महोत्सव का उद्देश्य रहा सम्मान और आत्मनिर्भरता का उत्सव

पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित स्वनिधि महोत्सव की थीम "उत्साह • सम्मान • स्वाभिमान" तथा "Celebrating the Resilience of Street Vendors" रही। कार्यक्रम का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी एवं पथ विक्रेताओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का उत्सव मनाना था।

बिना गारंटी ऋण, डिजिटल भुगतान और प्रशिक्षण की सुविधा

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई थी। वर्तमान में योजना के अंतर्गत ₹15 हजार, ₹25 हजार एवं ₹50 हजार तक का बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को यूपीआई से जुड़े ₹30 हजार तक की सीमा वाले रुपे क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी दी जाती है। डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के लिए ₹1,600 तक कैशबैक तथा वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।

'स्वनिधि से समृद्धि' अभियान से जुड़ रहे हितग्राही

स्वनिधि से समृद्धि (SSS) अभियान के माध्यम से हितग्राहियों एवं उनके परिवारों को विभिन्न केंद्रीय जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। योजना की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2030 तक कर दी गई है।

गुना में 7 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला लाभ

गुना नगर पालिका क्षेत्र में 10,500 से अधिक पथ विक्रेता पंजीकृत हैं। इनमें से 7,000 से अधिक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है। कार्यक्रम में हितग्राहियों को योजना की उपलब्धियों, डिजिटल भुगतान, समय पर ऋण अदायगी तथा आत्मनिर्भर व्यवसाय के लिए प्रेरित किया गया। योजना ने छोटे व्यापारियों को रोजगार की निरंतरता, वित्तीय समावेशन एवं सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्‍यक्ष श्रीमति सविता अरविन्‍द्र गुप्‍ता, उपाध्‍यक्ष श्री धरम सोनी, भाजपा जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमति हितिका वासल एवं अन्‍य अधिकारी आमजन उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.