लघु एवं दीर्घकालीन कार्य योजना के साथ विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करे विभाग – कलेक्टर श्री कन्याल
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा में कलेक्टर ने दिए सुरक्षा एवं त्वरित समाधान के निर्देश
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी वृत गुना श्री अशोक कुमार शर्मा सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने जिले में विद्युत आपूर्ति के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं एवं उनके निराकरण की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। महाप्रबंधक श्री शर्मा ने बताया कि तेज आंधी एवं खराब मौसम के दौरान टीन शेड, पन्नी, फ्लेक्स, पेड़ों की शाखाएं तथा अन्य अवरोध विद्युत लाइनों पर आने से आपूर्ति प्रभावित होती है, जिसके कारण कई स्थानों पर तकनीकी व्यवधान उत्पन्न हो जाते हैं।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देशित किया कि विद्युत की सतत एवं निर्बाध आपूर्ति विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी शिकायतों एवं आपात स्थितियों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल फोन सदैव सक्रिय रखें तथा प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में विद्युत कर्मचारियों की सुरक्षा को विशेष महत्व देते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने खंभों पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लाइनमैन एवं फील्ड कर्मचारी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें तथा हैंड ग्लव्स, प्लास, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट एवं सुरक्षा जूतों सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट रूप से कहा कि विद्युत कार्यों के लिए अधिकृत कर्मचारियों के स्थान पर किसी बाहरी व्यक्ति अथवा निजी व्यक्तियों से कार्य कराया जाना अत्यंत गंभीर लापरवाही है। ऐसी किसी भी शिकायत अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लघु एवं दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचना के रखरखाव तथा मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त वाहन एवं संसाधनों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ महीनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए टीम का विस्तार किया जाए तथा कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि आमजन को सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन और विद्युत विभाग की साझा जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
