आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की अंतिम चयन सूची प्रकाशित
गुना
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के चयन संबंधी दावा-आपत्तियों के निराकरण हेतु जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक परियोजना राधौगढ़ में दिनांक 21 मई 2026 तथा परियोजना चाचौड़ा में दिनांक 22 मई 2026 को आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई कर उनका निराकरण किया गया।
निराकरण उपरांत संबंधित अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची दिनांक 01 जून 2026 को चयन पोर्टल पर प्रकाशित कर दी गई है। उक्त सूची का अवलोकन जनसामान्य द्वारा ऑनलाइन चयन पोर्टल पर किया जा सकता है।
समिति द्वारा शेष 19 प्रकरणों में प्राप्त दावा-आपत्तियों के संबंध में प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच आवश्यक पाए जाने पर संबंधित अभिलेख अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राधौगढ़ एवं चाचौड़ा तथा जिला शिक्षा अधिकारी, गुना को परीक्षण हेतु प्रेषित किए गए हैं। इन प्रकरणों में मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, कक्षा 12वीं की अंकसूची की सत्यता एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल से मान्यता संबंधी प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा परियोजना अधिकारी राधौगढ़ एवं चाचौड़ा को निर्देशित किया गया है कि चयन पोर्टल पर अंतिम सूची प्रकाशित होने के दो दिवस के भीतर नियुक्ति आदेश जारी किए जाएं।
जिला स्तरीय निराकरण समिति के निर्णय से असंतुष्ट अभ्यर्थियों के लिए कलेक्टर न्यायालय में अपील करने का प्रावधान है। अपील अपर कलेक्टर न्यायालय, कक्ष क्रमांक 217 में प्रस्तुत की जा सकती है।
