सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरोन में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित
15 मानसिक रोगियों को मिला उपचार एवं परामर्श, 35 लोगों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरोन में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में डॉ. देवकी नंदन किरार द्वारा मरीजों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इस दौरान कुल 15 मानसिक रोगियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला तथा उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के दौरान अवसाद (डिप्रेशन), चिंता विकार, ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD), एवं तनाव से जुड़ी समस्याओं के बारे में आमजन को जानकारी दी गई। नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत अस्पताल स्टाफ एवं आमजन को नशा न करने की शपथ दिलाई गई, जिसमें 35 लोगों ने सहभागिता की।
