कलेक्ट्रेट गुना में अत्याधुनिक रैंप सुविधा शुरू, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मिलेगी बड़ी राहत
गुना
कलेक्ट्रेट गुना में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्मित अत्याधुनिक रैंप को औपचारिक रूप से आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि इस रैंप का लोकार्पण गत 10 मई को माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा किया गया था। साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद अब इसे नियमित उपयोग के लिए खोल दिया गया है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा विशेष रूप से राशि उपलब्ध कराई गई थी। इंजीनियर्स एवं निर्माण कार्य से जुड़ी टीम ने रैंप के निर्माण में उत्कृष्ट कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप यह सुविधा अब आमजन के लिए उपलब्ध हो सकी है।
उन्होंने कहा कि यह रैंप विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं उन लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा, जिन्हें सीढ़ियां चढ़ने में कठिनाई होती है। कलेक्ट्रेट परिसर में पहले से लिफ्ट की सुविधा मौजूद है, लेकिन रैंप के निर्माण से आवागमन और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक हो गया है।
रैंप की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसे ऊपर से पूरी तरह कवर किया गया है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। इससे कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले नागरिकों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा।
कलेक्ट्रेट में विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचते हैं। नई रैंप सुविधा शुरू होने से विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों सहित सभी आगंतुकों को कार्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी।
