सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, नॉन-अटेंडेड शिकायतों पर एक दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश
समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को प्रोएक्टिव कार्यशैली अपनाने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने समय-सीमा पत्रकों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए नॉन-अटेंडेड शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एक दिवस का वेतन काटने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विद्युत विभाग द्वारा लागू की गई जवाबदेही व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया, जिसके तहत प्रत्येक नॉन-अटेंडेड शिकायत पर 500 रुपये रेडक्रॉस सोसायटी में जमा कराने की पहल की गई है। कलेक्टर ने शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोएक्टिव कार्यशैली अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसा कार्य करें जिससे उनके कार्यकाल को लोग लंबे समय तक याद रखें। उन्होंने सिटीजन चार्टर के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण तथा फील्ड स्तर पर सक्रिय मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान आगामी जनगणना के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले चार्ज अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य निर्धारित समय-सीमा में संपन्न हुआ है।
इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रति माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की पहल जारी रहेगी, जिससे बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री, अवैध बोरवेल, ई-फाइल प्रणाली, रात्रि चौपाल एवं आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की सतत निगरानी करें तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) एवं सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि कहीं भी अवैध बोरवेल संचालित न हों। यदि कोई अवैध बोरवेल पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
रात्रि चौपाल के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी समन्वय बनाकर एक साथ ही गाडिय़ों से जाए और अधिक से अधिक विभागीय समस्याओं का मौके पर निराकरण हो सके ऐसी कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने रात्रि चौपाल में वाहनों की संख्या कम रखने पर जोर देते हुए कहा कि इससे ईंधन की बचत होगी तथा प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि तालाबों, नदियों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना प्राप्त होने पर पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि जनहानि एवं नुकसान को रोका जा सके। साथ ही सभी विभागों को मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
आवास प्लस 2025-26 के नवीन लक्ष्य के अंतर्गत जिले का पहला आवास जनपद पंचायत चाचौड़ा की ग्राम पंचायत खेड़ी कला में पूर्ण हुआ है। इस उपलब्धि पर ग्राम पंचायत के सचिव श्री पवन भील को कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा बैठक के अंत में सम्मानित किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
