Type Here to Get Search Results !

तंबाकू नियंत्रण में गुना बनेगा मॉडल जिला, विक्रेता लाइसेंसिंग होगी लागू : कलेक्टर श्री कन्याल

 तंबाकू नियंत्रण में गुना बनेगा मॉडल जिला, विक्रेता लाइसेंसिंग होगी लागू : कलेक्टर श्री कन्याल


गुना 

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत जिला तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों, इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों तथा प्रभावी नियंत्रण उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि तंबाकू सेवन केवल व्यक्ति विशेष के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका व्यापक नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विभिन्न विभागों से समन्वित प्रयास करते हुए तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने बैठक में गुना शहरी क्षेत्र में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग प्रणाली लागू करने हेतु नगर पालिका को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइसेंसिंग व्यवस्था लागू होने के उपरांत तंबाकू उत्पादों का विक्रय केवल अधिकृत विक्रेताओं द्वारा ही किया जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य शहर में तंबाकू उत्पादों की अनियंत्रित बिक्री पर रोक लगाना, नाबालिगों की पहुंच को सीमित करना तथा तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था को शीघ्र लागू करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। मध्यप्रदेश तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के श्री आनंद वर्मा ने विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रस्तुतीकरण देते हुए तंबाकू सेवन से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी खतरों, नियंत्रण की आवश्यकता तथा इसके दूरगामी सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित अनेक गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है।

श्री वर्मा ने वैश्विक वयस्क तंबाकू सर्वेक्षण (GATS) के आंकड़ों के आधार पर मध्यप्रदेश में तंबाकू सेवन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने नगरीय निकायों, स्कूल शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तंबाकू नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

बैठक में जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी सुश्री विनीता सोनी ने कोटपा-2003 (COTPA-2003) के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून के प्रभावी पालन, अवयस्कों की तंबाकू उत्पादों तक पहुंच रोकने, तंबाकू मुक्त गांवों तथा तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों के निर्माण पर विशेष बल दिया। साथ ही प्रदेश के बच्चों, किशोरों एवं युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों एवं अपेक्षित सहयोग पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, समस्त एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, नगर पालिका अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.