Type Here to Get Search Results !

जनकल्याण शिविरों के परिणाम दिखें जमीन पर, हर आवेदन का हो समयबद्ध समाधान: कलेक्टर

जनकल्याण शिविरों के परिणाम दिखें जमीन पर, हर आवेदन का हो समयबद्ध समाधान: कलेक्टर

21 जून योग दिवस की तैयारियों, मानसून प्रबंधन और ऐतिहासिक धरोहरों के संकलन पर हुई समीक्षा


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में जनकल्याण शिविरों की प्रगति, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों, मानसून पूर्व व्यवस्थाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन तथा ज्ञान भारतम् अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे जनकल्याण शिविरों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिविरों का उद्देश्य योजनाओं की जानकारी के साथ आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए, हितग्राहियों का व्यवस्थित डाटा तैयार किया जाए तथा प्राप्त आवेदनों का यथासंभव शिविर स्थल पर ही निराकरण किया जाए। साथ ही सभी प्रकरणों की समय पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग दिवस का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए प्रेरित करना है। जिला स्तरीय आयोजन टेकरी परिसर में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में ज्ञान भारतम् अभियान के अंतर्गत वर्ष 1950 से पूर्व की ऐतिहासिक धरोहरों, हस्तलिखित दस्तावेजों एवं अन्य महत्वपूर्ण सामग्री के संकलन पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे दस्तावेजों और ऐतिहासिक जानकारियों का संकलन किया जाए तथा इतिहासकारों, वरिष्ठ नागरिकों एवं पुराने शिक्षकों से संपर्क कर जानकारी एकत्रित की जाए।

मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला कमांडेंट होमगार्ड को आपदा प्रबंधन संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को जिले के पुल-पुलियों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य समय पर कराने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा उनके समय पर संचालन की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में उपार्जन कार्य में विभिन्न विभागों द्वारा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। वहीं उपार्जन कार्य के सफल संचालन में सहयोग के लिए संबंधित विभागों द्वारा कलेक्टर को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.