Type Here to Get Search Results !

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने एकलब्य आवासीय विद्यालय में दिया साइबर सुरक्षा का सशक्त संदेश

 *गुना पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान 'सेफ क्लिक–2026'*


पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने एकलब्य आवासीय विद्यालय में दिया साइबर सुरक्षा का सशक्त संदेश


*जिलेभर में पुलिस के साइबर जागरूकता कार्यक्रम जारी, डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के बताए जा रहे प्रभावी उपाय*



                  मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा दिनांक 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित 15 दिवसीय विशेष साइबर जनजागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" के अंतर्गत आज अभियान के पांचवें दिन गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है ।


                  इसी क्रम में आज दिनांक 28 जून 2026 को गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने गुना कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में एकलव्य आवासीय विद्यालय, गुना के ऑडिटोरियम हॉल में साइबर अपराधों एवं इनसे बचाव के तरीके बताते हुए विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया । कार्यक्रम के दौरान उनके द्वारा साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई ।


                  इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें । सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज अथवा ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं । साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल डायल 1930 पर सूचना देकर आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया ।


                  इसी तहत जामनेर थाना पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत भवन परिसर जामनेर, बमौरी थाना पुलिस द्वारा कस्बा बमौरी, फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम बरसाती व ग्राम अजरोड़ा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, केवाईसी अपडेट, लॉटरी एवं नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी सहित विभिन्न साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई । साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को सतर्क एवं जागरूक रहकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया ।


                  इसके अतिरिक्त जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधियों की नई-नई कार्यप्रणालियों से अवगत कराते हुए सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, मजबूत पासवर्ड के उपयोग, दो-स्तरीय सुरक्षा (Two-Factor Authentication) अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया ।


                  गुना पुलिस का "सेफ क्लिक 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर संचालित रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सके ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.