Type Here to Get Search Results !

आरोन थाना पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिली बिछड़ी मासूम बच्ची

 आरोन थाना पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिली बिछड़ी मासूम बच्ची



*एफआरवी स्टाफ की सजगता एवं त्वरित कार्यवाही से कुछ ही समय में परिजनों को सुरक्षित सौंपी 03 वर्षीय बालिका*


*जनसेवा एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण*


            गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं मानवीय नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में पूरी मुस्‍तैदी, सजगता एवं कर्तव्‍यपरायणता के साथ कार्यवाहियों को अंजाम दिया जा रहा है । इसी तारतम्‍य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में जिले के आरोन थाना पुलिस द्वारा आरोन में आयोजित मीना बाजार के दौरान एक 03 वर्षीय मासूम बच्ची के अपने परिजनों से बिछड़ जाने की सूचना प्राप्त हुई । भीड़भाड़ वाले आयोजन में बच्ची के गुम हो जाने से उसके परिजन अत्यंत चिंतित एवं व्याकुल हो गए । सूचना मिलते ही आरोन थानांतर्गत तैनात एफआरवी-14 पुलिस स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर तत्काल बालिका की खोजबीन प्रारंभ की ।


               एफआरवी-14 में तैनात पुलिस आरक्षक सचिन परिहार एवं पायलट हेमराज ने संवेदनशीलता, सतर्कता एवं तत्परता का परिचय देते हुए मीना बाजार परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश की । पुलिस टीम द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप गुम हुई मासूम बच्ची को कुछ ही समय में सुरक्षित खोज लिया गया ।


               बच्ची के मिलते ही पुलिस टीम द्वारा उसकी पहचान सुनिश्चित कर उसे उसके पिता मनोज एवं माता के सुपुर्द किया गया । अपनी बच्ची को सकुशल वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई तथा उन्होंने पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया ।


               पुलिस की यह कार्यवाही जनसेवा, मानवीय संवेदनाओं एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है । पुलिस द्वारा समय रहते की गई इस तत्पर कार्यवाही से एक संभावित अप्रिय स्थिति को टालते हुए परिवार को राहत प्रदान की गई ।


               गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी सार्वजनिक आयोजन, मेले अथवा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.