नीट परीक्षा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं, अभ्यर्थियों को न हो असुविधा : कलेक्टर
परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर कैमरे, कंट्रोल रूम और व्यवस्थाएं परखी, ड्यूटी कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
गुना
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शनिवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, नानाखेड़ी स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए की गई सुविधाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री कन्याल ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सभी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की तथा कंट्रोल रूम में पहुंचकर निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा
आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए
कलेक्टर श्री कन्याल ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में लोग अनुचित साधनों एवं नई-नई तकनीकों का उपयोग करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी ड्यूटी कर्मियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को सहज एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।
