स्वस्थ पुलिस बल – सुरक्षित समाज की दिशा में गुना पुलिस का महत्वपूर्ण कदम
*पुलिस फोर्स के स्वास्थ्य जांच हेतु गुना पुलिस अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर*
*शिविर में पुलिस कर्मियों को मिला विशेषज्ञ स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच सुविधाओं का लाभ*
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं फिटनेस को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के मार्गदर्शन में आज दिनांक 06 जून 2026 को गुना पुलिस अस्पताल में विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में विशेष रूप से 45 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया गया ।
पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे कर्तव्य निर्वहन करते हैं । अनियमित दिनचर्या, अत्यधिक कार्यभार एवं निरंतर तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने के कारण उन्हें अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान देने का अवसर नहीं मिल पाता । परिणामस्वरूप कई बार सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं गंभीर बीमारियों का रूप ले लेती हैं । इसी उद्देश्य से पुलिस कर्मियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया ।
शिविर में जिला चिकित्सालय गुना से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा पुलिस फोर्स का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया । चिकित्सा दल में मेडिकल ऑफिसर डॉ. सोबरन राय, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप कोली, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जलज वर्मा, डेंटल सर्जन डॉ. अन्नु कुमार एवं नर्सिंग ऑफिसर डॉ. गजेन्द्र वर्मा व डॉ. सुश्री नमिता खादीकर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे । इनके अतिरिक्त पुलिस अस्पताल में सेवा दे रहे डॉ. आर.डी शर्मा तथा उनके सहायक स्टॉफ महेन्द्र सिंह रघुवंशी एवं देवेन्द्र सिंह जाटव (डीएमएलटी) के द्वारा एक-एक कर्मचारी का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाइयां प्रदान की गईं तथा गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित कर्मचारियों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया । शिविर के दौरान बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज, थायराइड, सीबीसी, ईसीजी, बीएमआई आदि विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किए गए ।
शिविर के दौरान चिकित्सक दल प्रभारी डॉ. सोबरन राय ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनावश्यक तनाव से दूर रहने, संतुलित खान-पान अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहने की सलाह दी । उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर कार्यक्षमता एवं प्रभावी सेवा का आधार है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि पुलिस कर्मियों को विषम परिस्थितियों, मौसम की प्रतिकूलताओं एवं लंबे समय तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है । ऐसे में उनका शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है । स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों के माध्यम से न केवल संभावित बीमारियों की समय रहते पहचान हो जाती है, बल्कि पुलिस कर्मी अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक भी होते हैं । इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को स्वस्थ, फिट एवं कार्यक्षम बनाए रखना है ताकि वे बेहतर ढंग से जनसेवा कर सकें ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, निरीक्षक प्रमोद साहू, सूबेदार यशवंत रघुवंशी, सूबेदार स्मृति दोहरे आदि सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ प्राप्त किया ।
*"स्वस्थ पुलिस बल ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है । नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हम स्वयं को और समाज को बेहतर बना सकते हैं ।"*
