आगामी त्योहारों के मद्देनजर गुना पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था का दिया संदेश
गुना जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशानुसार आज गुना पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन द्वारा किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया तथा आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया। इस अवसर पर नागरिकों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन ने बताया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयासों पर पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना, असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना तथा त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है। गुना पुलिस की नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा जिले में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करें।
फ्लैग मार्च में प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव आदि अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
