Type Here to Get Search Results !

चाचौड़ा थाने पर पेंशनर्स सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन

 चाचौड़ा थाने पर पेंशनर्स सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन


 *अनुभव, सम्मान और सहभागिता का संगम-प्रशासन एवं पुलिस ने पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं और सम्मानित किया* 


 *वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का दिया संदेश* 



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं मानवीय नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिह सुमन के मार्गदर्शन में चाचौड़ा थाने पर वरिष्ठ पेंशनर्स के सम्मान एवं उनसे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा पेंशनर्स के अनुभवों को सम्मानपूर्वक सुना गया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर सकारात्मक चर्चा की गई।


               कार्यक्रम में एसडीएम चाचौडा श्री रवि मालवीय, एसडीओपी चाचौडा श्री मनोज कुमार झा एवं चाचौडा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स का स्वागत करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।


               बैठक के दौरान पेंशनर्स ने अपनी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों द्वारा उनकी बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा संबंधित विषयों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सामाजिक सहभागिता एवं कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।


               अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के वरिष्ठजन अनुभव और ज्ञान की अमूल्य धरोहर हैं। उनके मार्गदर्शन एवं अनुभव से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। प्रशासन एवं पुलिस सदैव वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही कहा गया कि जब कभी भी आप लोग अपने घर पर अकेले रहते हैं तो इसकी सूचना पुलिस को अवश्य दें ताकि पुलिस समय-समय पर अपनी निगरानी बनाए रखे।


               बैठक में उपस्थित पेंशनर्स ने पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आयोजित इस सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील और सराहनीय पहल बताया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.