Guna- सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुदृढिकरण हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के द्वारा जिले के 222335 पात्र हितग्राहियों की ईकेवायसी करने हेतु निर्देश दिए हैं। दिनांक 13.06.2026 को जिला आपूर्ति अधिकारी, अवधेश पाण्डेय, के निर्देशन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा जिला खाद्य कार्यालय में गुना नगरपालिका क्षेत्र के सभी शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं की समीक्षा की गई। शासन निर्देशानुसार प्रत्येक 05 वर्ष में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र हितग्राहियों के पुन: ईकेवायसी किये जाने का प्रावधान किया गया है। जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को ईकेवायसी करने के संबंध में अवगत कराया गया एवं ईकेवायसी किये जाने वाले हितग्राहियों की सूची प्रदाय की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी, द्वारा बताया गया कि प्रत्येक हितग्राही की ईकेवायसी किया जाना अनिवार्य है। ईकेवायसी न होने से हितग्राही को राशन मिलने में समस्या हो सकती है। सभी पात्र हितग्राही अपनी निकटतम शासकीय उचित मूल्य दुकान पर ईकेवायसी करायें। जिले के समस्त पात्र हितग्राहियों की ईकेवायसी माह जून में विशेष अभियान चलाकर दिनांक 30.06.2026 तक अनिवार्यतः पूर्ण किया जाना है।
