*साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का सशक्त अभियान "सेफ क्लिक 2.0" जारी*
गुना पुलिस द्वारा अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, जनसेवा केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
*ऑनलाइन फ्रॉड एवं सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के बताए प्रभावी उपाय, आमजन से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा दिनांक 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित 15 दिवसीय विशेष साइबर जनजागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है । इस अभियान के तहत विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ।
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रतिदिन साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । अभियान के आज छठे दिवस गुना पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जनसेवा केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
इन कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, साइबर ठगी, सुरक्षित डिजिटल भुगतान तथा साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम विवरण अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें ।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कर त्वरित सहायता प्राप्त करें ।
कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया ।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में थोड़ी-सी सावधानी बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है । विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं अभिभावकों को साइबर अपराधियों की नई-नई कार्यप्रणालियों से सतर्क रहना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देना चाहिए ।
गुना पुलिस का "सेफ क्लिक 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर संचालित रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित, सशक्त एवं साइबर-सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके ।
