Type Here to Get Search Results !

जनसुनवाई में 310 आवेदनों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर हुआ निराकरण

जनसुनवाई में 310 आवेदनों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर हुआ निराकरण


कलेक्टर ने जरूरतमंद को रेडक्रॉस से 10 हजार रुपये की सहायता दिलाई, राजस्व–पंचायत की संयुक्त व्यवस्था रही प्रभावी


गुना 

शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 310 आवेदन प्राप्त हुए। इस बार राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही आवास संबंधी शिकायतों के लिए विशेष टीम तैनात कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।


राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था से मिला त्वरित समाधान

जनसुनवाई में इस बार राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े प्रकरणों के लिए विशेष आवास टीम भी तैनात रही। जनसुनवाई के दौरान चांचौड़ा से 2, राघौगढ़ से 3, आरोन से 3 तथा गुना से 3 सहित कुल 11 आवास संबंधी आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया।


जरूरतमंद को मिली 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

जनसुनवाई में प्राप्त एक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद धीरज खटीक, निवासी कैंट गुना को उपचार के लिए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर चेक प्रदान किया।


स्वास्थ्य एवं आधार संबंधी सेवाओं का भी मिला लाभ

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जनसुनवाई में नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईव्‍ही जांच तथा नि:शुल्क कानूनी सहायता सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनका बड़ी संख्या में नागरिकों ने लाभ उठाया।

जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.