Type Here to Get Search Results !

बेंगलुरु के विशेषज्ञ सिखाएंगे गुलाब की वैज्ञानिक खेती, कलेक्ट्रेट में 3 घंटे का विशेष प्रशिक्षण

 बेंगलुरु के विशेषज्ञ सिखाएंगे गुलाब की वैज्ञानिक खेती, कलेक्ट्रेट में 3 घंटे का विशेष प्रशिक्षण


गुना 

गुना जिले में गुलाब की वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा उद्यानिकी विभाग, जिला गुना के सहयोग से बुधवार, 01 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार, गुना में निःशुल्क विशेष गुलाब खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में एग्रीप्लास्ट कंपनी के अनुभवी एग्रोनॉमिस्ट किसानों को पॉलीहाउस में गुलाब की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती, पौधों का समुचित प्रबंधन, ड्रिप सिंचाई एवं फर्टिगेशन, पोषण प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण फूल उत्पादन, पैकेजिंग ब्रांडिंग, मार्केटिंग तथा अधिक लाभ अर्जित करने की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी देंगे। प्रशिक्षण के दौरान किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिले के गुलाब उत्पादक किसानों, पॉलीहाउस निर्माणाधीन कृषकों तथा गुलाब की खेती प्रारंभ करने के इच्छुक किसानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उद्यानिकी विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर जिले में गुलाब उत्पादन की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है।

उपसंचालक उद्यान, जिला गुना श्री के.पी.एस. किरार ने जिले के सभी पात्र किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण में शामिल होने की अपील करते हुए बताया कि प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। इच्छुक किसान अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9516600441 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण किसानों के लिए विशेषज्ञों से सीधे सीखने और आधुनिक गुलाब उत्पादन तकनीकों को अपनाने का एक उत्कृष्ट अवसर है, जिसका अधिकतम लाभ उठाया जाना चाहिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.