मोबाईल कोर्ट द्वारा भूमि विवाद का आपसी सहमति से कराया गया निराकरण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की पहल पर संचालित मोबाइल कोर्ट किसानों और आमजन के लिए न्याय का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में जनसुनवाई में प्राप्त एक आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए राघौगढ़ एसडीएम श्री अमित कुमार सोनी ने ग्राम मोहरी निवासी सांवल पुत्र भमर लाल भील को उनकी भूमि का मौके पर कब्जा दिलाया।
जानकारी के अनुसार, सांवल भील ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि उनकी भूमि पर माखन सिंह एवं नेपाल सिंह पुत्रगण सोवत सिंह भील द्वारा कब्जा किया गया है। कलेक्टर श्री कन्याल ने मामले के निराकरण हेतु मोबाइल कोर्ट के माध्यम से कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
एसडीएम श्री अमित कुमार सोनी स्वयं ग्राम मोहरी पहुंचे और न्यायालय तहसीलदार, तहसील मकड़ी सुजानगढ़ के प्रकरण में आदेश के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई। ग्राम मोहरी के सर्वे नंबर 54, कुल रकबा 1.944 हेक्टेयर में से 1.586 हेक्टेयर भूमि का कब्जा आवेदक सांवल भील को मौके पर दिलाया गया। भूमि का कब्जा प्राप्त होने पर आवेदक ने संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं प्रशासनिक अमले का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मधुसूदनगढ़ तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट डॉ. उदय सिंह, थाना प्रभारी कमल सिंह कोली, राजस्व निरीक्षक लल्लू सिंह भील, पटवारी हजारीलाल भील, उपनिरीक्षक पंजाब सिंह, पुलिस बल तथा ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।
