Type Here to Get Search Results !

धरनावदा पुलिस की कार्यवाही में 05 हजार रूपये का इनामी बदमाश एवं चार स्थाई वारंटों में फरार दो वारंटी गिरफ्तार

 *फरार पारदी बदमाशों के विरुद्ध गुना पुलिस का विशेष अभियान जारी*


धरनावदा पुलिस की कार्यवाही में 05 हजार रूपये का इनामी बदमाश एवं चार स्थाई वारंटों में फरार दो वारंटी गिरफ्तार


*एक ओर अपराधियों पर सख्त शिकंजा, दूसरी ओर 'नई दिशा' अभियान से पारदी समुदाय के उत्थान की प्रभावी पहल*


*सामाजिक पुनर्वास और अपराध नियंत्रण की दोहरी रणनीति पर कार्य कर रही गुना पुलिस, मुख्यधारा से जोड़ने के साथ अपराधियों पर निरंतर शिकंजा*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रभावी निर्वहन कर रही है । इसी उद्देश्य से पारदी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए "नई दिशा" अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से समुदाय के पात्र परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । वहीं दूसरी ओर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त, न्यायालयीन कार्यवाही से फरार एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है ।


               इसी क्रम में गत दिनांक 05 जुलाई 2026 की रात्रि में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम बीलाखेड़ी में योजनाबद्ध दबिश कार्यवाही करते हुए 5,000 के इनामी फरार आरोपी सहित दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की ।


*आठ वर्षों से फरार इनामी आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे :-*

               आरोपी अजमल पारदी पुत्र बबंग उर्फ गदम पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी के विरूद्ध वर्ष 2018 में धरनावदा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 214/2018 धारा 294, 147, 148, 149, 341 एवं 307 भादवि में आरोपी अजमल पारदी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था । आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए गुना पुलिस अधीक्षक द्वारा  5,000 रूपये नगद पुरस्कार घोषित किया गया था । लगातार फरारी के बावजूद पुलिस उसके संबंध में सूचनाएं संकलित कर निगरानी बनाए हुए थी, जिसके परिणामस्वरूप दबिश के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया ।


               प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि अजमल पारदी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध धरनावदा थाने के अतिरिक्त शिवपुरी, रतलाम, राजस्थान एवं हरियाणा में चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट, मारपीट जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं ।


*चार स्थाई वारंटों में वांछित दो वारंटी भी गिरफ्तार :-*

               दबिश कार्यवाही के दौरान पुलिस ने स्थाई वारटी गजेंद्र पारदी पुत्र लाखन पारदी निवासी ग्राम बीलाखेडी़ को भी गिरफ्तार किया, जिसके धरनावदा थाने में दर्ज अप.क्र. 214/18 धारा 294, 147, 148, 149, 341, 307 भादवि, अप.क्र. 41/19 धारा 307, 147, 148, 149, 353, 336 भादवि एवं 25/27 आर्म्स एक्ट तथा अप.क्र. 463/20 धारा 341, 323, 294, 506, 34 भादवि में न्यायालयीन कार्यवाहियों से लगातार अनुपस्थित रहने के माननीय न्यायालय द्वारा  न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक क्रमश: 84/19, 86/19 एवं 2348/20 में अलग-अलग तीन स्थाई वारंट जारी किए गए थे ।


               इसी प्रकार आरोपी देवराज पारदी  पुत्र लाखन पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी भी धरनावदा थाने के अपराध क्रमांक 463/20 में न्यायालयीन कार्यवाही से अनुपस्थित था, जिसके विरुद्ध न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 2348/2020 में स्थाई वारंट जारी किया गया था ।


               पुलिस की इस कार्यवाही के दौरान पुलिस ने कुल एक इनामी आरोपी एवं चार स्थाई वारंटों में वांछित दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालयीन आदेशों के प्रभावी पालन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की ।


*'नई दिशा' अभियान : सुधार और सख्ती का संतुलित मॉडल :-*

               गुना पुलिस का "नई दिशा" अभियान केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पारदी समुदाय के ऐसे परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है, जो सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर होना चाहते हैं । अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।


               वहीं दूसरी ओर, जो व्यक्ति अपराध का मार्ग अपनाकर कानून एवं न्यायालयीन प्रक्रिया से बचने का प्रयास कर रहे हैं, उनके विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । गुना पुलिस का मानना है कि समाज में स्थायी शांति एवं सुरक्षा तभी संभव है, जब सामाजिक पुनर्वास और अपराध नियंत्रण दोनों साथ-साथ चलें ।


               गुना पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध है । एक ओर सामाजिक उत्थान एवं पुनर्वास के माध्यम से लोगों को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कानून से फरार अपराधियों एवं आदतन बदमाशों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही लगातार जारी है । न्यायालयीन कार्यवाही से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता एवं प्रभावशीलता के साथ निरंतर जारी रहेगा ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.