*नशे के सौदागरों पर गुना पुलिस का करारा प्रहार*
राघौगढ़ थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी करते दो तस्कर दबोचे
*51.70 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं मोबाइल जब्त सहित करीबन 11 लाख रूपये मूल्य का मशरूका जप्त*
*आरोपियों को स्मैक उपलब्ध कराने वाले सप्लायर को भी बनाया आरोपी, तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की गहन जांच जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में थाना राघौगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए स्मैक की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 51.70 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक, तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी, एक मोबाइल फोन सहित लगभग 11 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जप्त किया है ।
गत दिनांक 05 जुलाई 2026 को राघौगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एक इलेक्ट्रिक स्कूटी से आरोन की ओर से धीरपुर होते हुए राघौगढ़ तरफ अवैध स्मैक लेकर आने वाले हैं । थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी की उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए राघौगढ़ थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम तस्करों की तलाश में धीरपुर तालाब के पास पहुंची और जहां घात लगाकर संदेहियों के आने का इंतजार किया, कुछ ही समय बाद आरोन की ओर से मुखबिर के बताए अनुसार इलेक्ट्रिक स्कूटी पर दोंनो संदिग्धों के आते दिखाई देने पर पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए उन्हें घेराबंदी कर रोक लिया । पूछताछ में उनके द्वारा अपने नाम 1-नीतेश पुत्र सुनील उर्फ बृजेश साहू उम्र 22 साल निवासी ग्राम बारोद हाल आरोन एवं 2-नरेश पुत्र प्रकाश केवट उम्र 34 साल निवासी कुम्हार मौहल्ला आरोन जिला गुना के बताये । मुखबिर सूचना के आधार पर उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 51.70 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई । आरोपियों से बरामद स्मैक कीमती करीबन 10 लाख रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटर इलेक्ट्रिक बाईक कीमती 80 हजार रुपये तथा एक मोबाईल कीमती 20 हजार रूपये सहित कुल करीबन 11 लाख रुपये मूल्य का मशरुका विधिवत जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया । पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद स्मैक उन्होंने शाहिद पुत्र जलील अहमद, निवासी रिजौदा रोड, आरोन से खरीदी थी । आरोपियों के कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शाहिद खान को भी प्रकरण में आरोपी शुमार करते हुए तीनों आरोपियों के विरुद्ध राघौगढ थाने में अप.क्र. 175/26 धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया । पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ करते हुए स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों, संभावित सप्लाई चेन तथा पूरे नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके ।
राघौगढ़ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट, उपनिरीक्षक हेमेन्द्र सिंह राजपूत, साइबर सेल प्रभारी सउनि महेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक धीरेन्द्र गुर्जर, आरक्षक अमित जाट, आरक्षक बल्लभ चौहान, आरक्षक रितिक रघुवंशी, आरक्षक रंजीत खटीक, आरक्षक पपेन्द्र रावत तथा थाना आरोन के आरक्षक जितेन्द्र गुर्जर की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें । समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में पुलिस एवं नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है । गुना पुलिस नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है ।
