"सेफ क्लिक 2.0" अभियान को मिली नई रफ्तार, गुना पुलिस ने साइबर जागरूकता रथ का किया संचालन
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने दिखाई हरी झंडी, शहरभर में पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश*
*ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड आदि से बचाव आदि के प्रति आमजन को करेगा जागरूक*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जन-जागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" के अंतर्गत साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने की दिशा में गुना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए साइबर जागरूकता रथ का शुभारंभ किया । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने पुलिस कार्यालय परिसर से अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
साइबर जागरूकता रथ का उद्देश्य शहर के प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुँचाना तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति लोगों को समय रहते सजग करना है । यह रथ गुना शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ उपलब्ध कराएगा ।
रथ के माध्यम से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड स्कैम तथा अन्य साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा । साथ ही नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित, प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) श्री आनंद राय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, यातायात प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह, रेडियो प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय, सूबेदार स्मृति दोहरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है । साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचकर उन्हें साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया जाएगा ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड, ओटीपी साझा करने के अनुरोध अथवा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें । यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निकटतम पुलिस से संपर्क करें ।
*"सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन, साइबर सुरक्षा ही डिजिटल युग की सबसे बड़ी सुरक्षा है"*
*।। गुना पुलिस — आपकी सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर ।।*
