बीनागंज चौकी पुलिस की सतर्क कार्यवाही : टैक्सी वाहन से 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
*खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा की जा रही अग्रिम वैधानिक कार्यवाही*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु एक अभियान के रूप में सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण तथा चांचौड़ा थाना प्रभारही निरीक्षक नीरज राणा के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी और उनकी टीम द्वारा सतर्कता पूर्वक करते हुए एक टैक्सी वाहन से अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 10 घरेलू गैस सिलेंडर जप्त करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत् दिनांक 20 जुलाई 2026 को चांचौड़ा थानांतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक टैक्सी वाहन में घरेलू गैस सिलेंडरों का संदिग्ध रूप से परिवहन किया जा रहा है । सूचना प्राप्त होते ही बीनागंज चौकी पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए संबंधित टेक्सी को रोककर उसकी जांच की गई । जांच के दौरान टेक्सी से 10 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए । इसके पश्चात पुलिस द्वारा तत्काल खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को सूचना दी गई । मौके पर पहुंची विभागीय टीम ने सिलेंडरों का परीक्षण किया तथा वाहन चालक सलमान पुत्र सलीम खान निवासी बरबटपुरा बीनागंज से गैस सिलेंडरों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, किंतु चालक कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका ।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा संबंधित चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है ।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग एवं पुलिस संयुक्त रूप से इस बात की विस्तृत जांच कर रहे हैं कि बरामद घरेलू गैस सिलेंडर कहां से लाए गए थे, इन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था तथा इनके परिवहन का उद्देश्य क्या था । मामले में नियमानुसार अग्रिम जांच एवं आवश्यक कार्यवाही जारी है ।
