"सेफ क्लिक 2.0" अभियान के 14वें दिवस गुना पुलिस की साइबर सुरक्षा मुहिम जारी
*विद्यालयों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, रैली निकालकर आमजन और विद्यार्थियों को किया साइबर अपराधों के प्रति सचेत*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जनजागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" के 14वें दिवस पर गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया । अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।
इसी क्रम में आज जिले के विजयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार साहू ने अपने स्टाफ के साथ सेंट मैरी स्कूल, एनएफएल विजयपुर पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं । कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल भुगतान में बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया ।
जागरूकता कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय परिसर एवं आसपास क्षेत्र में साइबर जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों एवं नारों के जरिए लोगों को डिजिटल सतर्कता का संदेश दिया ।
इसी प्रकार जामनेर थाना पुलिस द्वारा कस्बा जामनेर में आमजन, व्यापारियों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उन्हें साइबर ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने, अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक एवं फर्जी निवेश योजनाओं से बचने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया ।
इसके अतिरिक्त जिले के अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया ।
गुना पुलिस की अपील है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें । किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं । जागरूक रहें, सुरक्षित रहें और "सेफ क्लिक" के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ।
