*मोटरसायकिल का एक्सीलेटर बड़ाने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस की तत्पर कार्यवाही*
केंट थाना पुलिस की सतर्कता एवं सूझबूझ से आरोपी पुलिस गिरफ्त में
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भर्गव और उनकी टीम द्वारा तत्परता एवं पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए थानांतर्गत मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है ।
उल्लेखनीय है कि फरियादी विकास रजक निवासी सांई सिटी कॉलोनी मालपुर रोड गुना ने केंट थाना पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया था कि दिनांक 29 जून 2026 की शाम उसका छोटा भाई मोहित रजक (17 वर्ष) अपने मित्र बलराम जाटव एवं शिवजीत शर्मा के साथ मोटरसाइकिल से घूमने निकला था । इसी दौरान सांई सिटी कॉलोनी स्थित राजा चक्की के पास मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर बढ़ाने की बात को लेकर आरोपी रामजीलाल रजक ने उसके भाई से विवाद करते हुए अश्लील गालियां दीं, विरोध करने पर रामजीलाल ने अपनी टैक्सी में रखा एक चाकू निकालकर उसके पेट में वार कर दिया और मौके से फरार हो गया ।
गंभीर रूप से घायल मोहित को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । इस घटना पर थाना केंट में आरोपी रामजीलाल रजक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 498/26 धारा 103(1) एवं 296(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए । निर्देशों के पालन में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव अपनी टीम के साथ आरोपी तलाश में सक्रियता से जुट गए और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश में सभी संभावित स्थानों पर सघन दबिशें दी गई । पुलिस की सतत निगरानी, तकनीकी सूचना संकलन एवं प्रभावी रणनीति के परिणामस्वरूप गत दिनांक 06 जुलाई 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर केंट थाना पुलिस ने तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में फरार आरोपी रामजीलाल उर्फ रोहित पुत्र फूल सिंह रजक उम्र 31 साल निवासी सांई सिटी कॉलोनी मालपुर रोड़ गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर एक दिवस पुलिस रिमाण्ड पर लिया है ।
यह कार्यवाही गंभीर अपराधों के प्रति गुना पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी विवेचना एवं कानून के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है । गुना पुलिस स्पष्ट संदेश देती है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी आरोपी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा ।
केंट थाना पुलिस की इस तत्पर और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण यादव, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट एवं आरक्षक महेन्द्र वर्मा का विशेष योगदान रहा है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान संयम एवं कानून के दायरे में रहकर करें । क्षणिक आवेश में उठाया गया हिंसक कदम न केवल किसी निर्दोष का जीवन छीन सकता है, बल्कि आरोपी के पूरे भविष्य को भी अंधकारमय बना देता है । कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध गुना पुलिस द्वारा कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
