साइबर सुरक्षा के प्रति गुना पुलिस का जनजागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" हुआ और अधिक प्रभावी
*नुक्कड़-नाटक, जागरूकता रैली एवं जनसंवाद के माध्यम से आमजन को दिया सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश*
*जिलेभर में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए प्रभावी उपाय*
*सतर्कता, जागरूकता और त्वरित शिकायत ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे सशक्त माध्यम : गुना पुलिस*
पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं । अभियान के आज सातवें दिवस गुना पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में नुक्कड़-नाटक, जनसभाएं, जागरूकता रैलियां एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया ।
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से अवगत कराना तथा उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है ।
इसी क्रम में आज रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय एवं निरीक्षक (रेडियो) श्री विकास उपाध्याय द्वारा प्रातःकाल लाल परेड मैदान में मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले युवाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस दौरान उपस्थित युवाओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए ऑनलाइन लेन-देन, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई ।
वहीं जिले के थाना जामनेर, विजयपुर, बमौरी, कुम्भराज, बतरंगगढ़, सिरसी, मधुसूदनगढ़ आदि सहित सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जागरूकता रैलियां, जनसभाएं एवं नुक्कड़-नाटकों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रमों के दौरान फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी तथा अन्य वित्तीय साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया ।
पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं को बताया कि साइबर अपराधी आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों को लालच, भय अथवा मानसिक दबाव में डालकर ठगी का शिकार बनाते हैं । इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते, एटीएम, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। कार्यक्रमों में यह संदेश भी दिया गया कि "सतर्कता ही साइबर सुरक्षा का सबसे बड़ा रक्षा कवच है ।"
गुना पुलिस द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं अथवा किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर आर्थिक क्षति को रोका जा सके ।
गुना पुलिस का "सेफ क्लिक 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों आदि स्थलों पर इसी प्रकार निरंतर संचालित रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी निभा सके ।
