Type Here to Get Search Results !

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : मधुसूदनगढ थानांतर्गत उकावद चौकी में निःशुल्क नशामुक्ति चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन

 "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : मधुसूदनगढ थानांतर्गत उकावद चौकी में निःशुल्क नशामुक्ति चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन



*21 नशा प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क दवाइयाँ प्रदान की गईं, 25 परिवारों की काउंसलिंग कर नशामुक्त जीवन का दिया संदेश*


*उपचार, परामर्श एवं जनजागरूकता के माध्यम से नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में गुना पुलिस की प्रभावी पहल*


               पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका  वासल के दिशा निर्देशन में जिले के मधुसूदनगढ थानांतर्गत उकावद चौकी परिसर में आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को मन अस्पताल एवं नशामुक्ति केन्द्र गुना के सहयोग से निःशुल्क नशामुक्ति चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया । शिविर का उद्देश्य नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ, विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें नशामुक्त जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना था ।


               शिविर में मन अस्पताल एवं नशामुक्ति केन्द्र गुना से विशेषज्ञ  चिकित्सकों की टीम द्वारा नशे से प्रभावित व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया । उपचार उपरांत 21 व्यक्तियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया । साथ ही 25 परिवारों की विस्तृत काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों, उपचार प्रक्रिया, पारिवारिक सहयोग के महत्व एवं नशा छोड़ने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई । इस अवसर पर मधुसूदनगढ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे एवं उकावद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रवि भिलाला आदि पुलिस स्टॉफ़ मौजूद रहा ।


               चिकित्सकों एवं पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन एवं भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है । उन्होंने नशे से पीड़ित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करने तथा समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया । शिविर में आने वाले नागरिकों ने गुना पुलिस की इस मानवीय एवं जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे नशे के विरुद्ध एक सार्थक प्रयास बताया । अनेक लोगों ने नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की ।


               पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के साथ-साथ जनजागरूकता, नशामुक्ति परामर्श एवं चिकित्सकीय सहायता जैसे सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है ।


               गुना पुलिस की नागरिकों से अपील है कि यदि उनके परिवार या आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से प्रभावित है, तो उसे उपचार एवं परामर्श के लिए आगे आने हेतु प्रेरित करें । जनसहभागिता, जागरूकता और समय पर उपचार के माध्यम से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.