Type Here to Get Search Results !

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत जनजागरुकता कार्यक्रमों का सतत आयोजन

 "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत जनजागरुकता कार्यक्रमों का सतत आयोजन



*राघौगढ़ के जेपी कॉलेज में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने विद्यार्थियों से किया संवाद*


*नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरुक करते हुए सकारात्मक सोच, सही संगति एवं लक्ष्य आधारित जीवन अपनाने का किया आह्वान*


               पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत राघौगढ़ स्थित जेपी कॉलेज में एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कान्याल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।


               कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था ।


               कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए नारकोटिक्स एवं मादक पदार्थों से संबंधित जानकारी साझा की । उन्होंने कहा कि कई बार युवा अनजाने में नशे के जाल में फंस जाते हैं, जिसके गंभीर कानूनी परिणाम सामने आते हैं । उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की जाती है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है । उन्होंने विद्यार्थियों से सजग रहने, गलत संगति से बचने तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया ।


               कलेक्टर श्री किशोर कुमार कान्याल ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता का आधार सकारात्मक सोच, अनुशासित जीवन और सही संगति है । उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा सकारात्मक गतिविधियों से स्वयं को जोड़ने की अपील की । उन्होंने विकसित भारत-2047 की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल के भारत की दिशा तय करेगा । यदि युवा अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाएं तो वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं और इसी आयु वर्ग के युवा नशे के कारोबारियों के आसान लक्ष्य बनते हैं । उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, विचार और भविष्य—तीनों को प्रभावित करती है । इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को स्वयं जागरूक रहकर अपने मित्रों एवं समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए ।


               कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया । प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों का प्रभावी चित्रण करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया ।


               कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली । सभी ने संकल्प व्यक्त किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी नशा करने के लिए प्रेरित नहीं करेंगे तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.