"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान: जिला अस्पताल गुना के मनकक्ष विभाग ने दिया नशामुक्ति का संदेश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल गुना के मनकक्ष (मानसिक स्वास्थ्य) विभाग द्वारा मरीजों एवं आम नागरिकों के बीच नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आर. एस. भाटी एवं डॉ. देवकीनंदन किरार ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने तथा आवश्यकता होने पर समय रहते उपचार एवं परामर्श लेने की अपील की।
इस अवसर पर मनकक्ष में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर अर्चना आचार्य एवं मन इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने मरीजों एवं आमजन को नशा मुक्ति संबंधी पंपलेट वितरित कर जागरूक किया तथा नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एल. एल. धाकड़ ने भी सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
अंत में मनकक्ष विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
