आरोन में निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञों ने जांच कर दिया परामर्श व जागरूकता संदेश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा सिविल अस्पताल आरोन में निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.एन. धाकड़ ने मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। उन्होंने अवसाद, चिंता, तनाव, नशे की लत एवं अन्य मानसिक रोगों के लक्षण, बचाव तथा समय पर उपचार के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि उचित उपचार से मरीज सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी सकता है।
मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर रवि सिंह यादव ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं, टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं मनहित (Manhit) ऐप की जानकारी दी तथा मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय विशेषज्ञ से समय पर परामर्श लेने की अपील की।
शिविर में बीएमओ डॉ. अविनाश रघुवंशी, डॉ. महेश राजपूत एवं डॉ. धर्मेंद्र जाट उपस्थित रहे। शिविर का लाभ बड़ी संख्या में मरीजों एवं उनके परिजनों ने उठाया।
