"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : पांचवें दिन भी गुना पुलिस का जनजागरूकता अभियान पूरे जिले में रहा प्रभावी
*ग्रामीण अंचलों से लेकर बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर जागरूकता की अलख, पुलिस ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत*
*ऑटो चालकों, बस यात्रियों, राहगीरों एवं ग्रामीणों से किया संवाद, पोस्टर-पम्पलेट के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदेश*
नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा आज अभियान के पांचवे दिवस जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया ।
अभियान के तहत एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना द्वारा बमोरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपचौरा एवं ग्राम भूराचक में ग्रामीणजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई । उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने की अपील की ।
इसी क्रम में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा शहर के हनुमान चौराहे पर ऑटो रिक्शा चालकों, राहगीरों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया ।
अभियान के दौरान जिले के थाना फतेहगढ़, मृगवास, बजरंगगढ़, राघोगढ़, विजयपुर, महिला थाना, मधुसूदनगढ़, बमोरी, सिरसी, जामनेर, आरोन आदि सहित समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बस स्टैंड, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में ऑटो रिक्शा चालकों, बस यात्रियों, राहगीरों एवं आमजन से सीधे संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई । साथ ही अभियान से संबंधित जागरूकता पोस्टर एवं पम्पलेट सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर अधिकाधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया ।
गुना पुलिस का यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक जनभागीदारी विकसित करने का एक सतत प्रयास है । पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें ।
गुना पुलिस का "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा ।
